जमीन के लिए भाई को ही पीटकर मार डाला
फैजाबाद। जमीन के बंटवारे को लेकर बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के भावापुर कोडरा गांव में युवक को सगे भाई और भतीजे ने लाठियों से पीट पीटकर कर मार डाला। मृतक की पत्नी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद आरोपी परिवार के साथ घर में ताला बंद करके फरार हो गए। जिनकी गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस दबिश दे रही है।
कोडरा भावापुर निवासी दूधनाथ यादव और उनके भाई दीनानाथ यादव के बीच माता-पिता की मौत हो जाने के बाद जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला रहा है। गांव में कई बार दोनों पक्षों द्वारा पंचायत बुलाकर मामला सुलझाने का प्रयास भी किया जा चुका है लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ। शनिवार शाम दूधनाथ यादव साइकिल से पुरवा नवादा में राशन लेने गया था।
वहां से घर लौटते समय शाम करीब 6 बजे गांव से कुछ दूरी पर स्थित जोरिया तालाब नलकूप के पास पहले से ही घात लगाए बैठे दूधनाथ के बड़े भाई दीनानाथ और उनके पुत्र कृष्ण कुमार ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और पीट पीटकर लहूलुहान कर फरार हो गए। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने दूधनाथ को लहूलुहान पड़े देखा तो गांव में सूचना दी।
परिवारजनों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन घंटो इंतजार के बाद एंबुलेंस नहीं पहुंची तो गंभीर रूप से घायल दूधनाथ को बाइक से बेहोशी की हालत में सीएचसी बीकापुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सक डॉ. सतीश चंद्रा ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात में जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी कुंती देवी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सगे भाई दीनानाथ यादव और भतीजे कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी कोतवाली एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।