सड़क दुर्घटना में एम्स के डॉक्टर का हाथ कटा
नेशनल हाइवे पर एसयूवी और कार की हुई टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
पटरंगा (फैजाबाद)। पटरंगा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मवई पेट़ोल पंप के पास सोमवार दोपहर दो वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई जिसमें कार में सवार दिल्ली एम्स के एक डॉक्टर का हाथ कट गया और उनके एक साथी को भी गंभीर चोट लगी। घायलों को पुलिस ने एक निजी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजवा दिया है। इस दौरान करीब तीन घंटे तक हाईवे को बंद करना पड़ा और पुलिस ने ट्रैफिक को वन वे करके जाम हटवाया।
दिल्ली से फैजाबाद जा रहे एम्स के चिकित्सक की कार गलत दिशा से आ रही एसयूवी से भिड़ गई जिसमें सवार डॉ. देवराज यादव (45) निवासी आर जेड-758 माधुरी क्लब पालमपुर नई दिल्ली और एसएस यादव (50) निवासी आरजेड-163 शाहनगर पातू पालमपुर नई दिल्ली को गंभीर चोट लगी है जिसमें से देवराज का हाथ कट गया। वहीं एसएस यादव के सिर में गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने घायलों को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इस दौरान हाईवे पर क्षतिग्रस्त गाड़ियों से तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा। जिसे पुलिस ने वन-वे करवा कर गाड़ियों को हाईवे से हटवाया और यातायात बहाल कराया। पटरंगा थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है।