पं. दीनदयाल जन्मशती पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आज से
प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगी विचार गोष्ठी
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम 28 जून से शुरू होगा। इसके तहत प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विचार गोष्ठी होगी। इसके मुख्य और विशिष्ट अतिथि अयोध्या व बीकापुर के विधायक होंगे। डीएम संतोष कुमार राय ने तैयारियों की समीक्षा के बाद इसके बेहतर करने का निर्देश दिया है।
जिले का यह पहला कार्यक्रम मसौधा ब्लॉक में 28 से 30 जून तक होगा। डीएम ने अपने कार्यालय में समीक्षा में कहा कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, गोष्ठी व लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। कृषि, उद्यान, सूचना, पर्यटन, खादी ग्रामोद्योग, गन्ना, मत्स्य, हथकरघा, वन, कौशल विकास मिशन, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, सहकारिता आदि विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाए। साथ ही पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित गोष्ठी की जाए। सीडीओ रवीश गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेद प्रकाश गुप्ता विधायक अयोध्या, विशिष्ट अतिथि विधायक बीकापुर शोभा सिंह और कार्यक्रम केे अध्यक्ष डीएम संतोष कुमार राय होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 28 जून को पूर्वाह्न 11 बजे होगा और समापन 30 जून को सायं चार बजे होगा। तीन दिवसीय मेले में आसावरी सांस्कृतिक ग्रुप से दर्शकों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम का प्रदर्शन भी किया जाएगा। बैठक में संबंधित विभाग के अफसर भी मौजूद थे।