10 हजार क्षमता का बनेगा रैन बसेरा
अयोध्या। रामनगरी में सरयू से सटे नयाघाट के पास नगर निगम विशाल रैन बसेरा बनवाने जा रहा है। इसमें 10 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। नयाघाट से लेकर साकेत पेट्रोल पंप के बीच में नगर निगम ने जमीन चिह्नित भी कर ली है।
चूंकि जमीन सिंचाई विभाग की है, इसलिए विभाग से एनओसी मांगी गई है। एनओसी मिलते ही इस्टीमेट तैयार कर धन आवंटन के लिए प्रस्ताव बनाया जाएगा। अयोध्या में रैन बसेरा बनने से रामनगरी में मेले के दौरान बाहर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
सप्तपुरियों में श्रेष्ठ अयोध्या में वर्ष भर में करीब एक करोड़ देशी-विदेशी श्रद्धालु अयोध्या आकर विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन कर अपनी श्रद्धा निवेदित करते हैं।
रामनगरी में तीन प्रांतीयकृत मेले रामनवमी, श्रावण झूलनोत्सव व कार्तिक परिक्रमा मेले के अतिरिक्त, माघ पूर्णिमा, मकर संक्रांति, राम विवाहोत्सव में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त अयोध्या पहुंचते हैं।
मेले के दौरान तो श्रद्धालुओं के ठहरने को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। अधिकांश श्रद्धालु मठ-मंदिरों में अपना ठौर बनाते हैं, जबकि इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु खुले स्थानों पर रात बिताने को विवश होते हैं।
सड़क के किनारे रात बिताना उनके लिए खतरे से खाली नहीं होता। पिछले वर्षों में घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिसमें कई श्रद्धालु जान भी गवां चुके हैं। ऐसे में अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को अब खुले में रात बिताने को विवश नहीं होना पड़ेगा।
क्योंकि नगर निगम ने श्रद्धालुओं को उचित ठौर प्रदान करने की कवायद शुरू कर दी है। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय की पहल से अब सरयू तट पर नयाघाट बंधा तिराहे से लेकर साकेत पेट्रोल पंप के पास रैन बसेरा बनाया जाएगा।
जिसमें करीब 10 हजार श्रद्धालु ठहर सकेंगे। रैन बसेरा सुविधायुक्त होगा यहां बेड, बिस्तर सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं भी श्रद्धालुओं को प्रदान की जाएंगी। यही नहीं नगर निगम ने रैन बसेरा के पास ग्रीन बेल्ट भी विकसित करने की योजना बनाई है।
रैन बसेरा के आसपास बड़ी संख्या में पौधरोपण भी कराया जाएगा। सिंचाई विभाग की जमीन चिह्नित की जा चुकी है, नगर निगम ने एनओसी मांगी है, शीघ्र योजना का क्रियान्यवन भी शुरू होगा।
महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि एलईडी लाइटों से तो रामनगरी प्रकाशित हो ही रही है अब जगह-जगह सोलर लाइट भी लगाए जाएंगें। अयोध्या सोलर लाइट से जगमगाएगी। बताया कि अयोध्या नगर निगम के सभी 60 वार्डों में करीब 200 सोलर लाइट लगाई जाएंगी।
इस पर काम शुरू भी हो चुका है। इससे पूर्व नगर निगम द्वारा शहर में करीब 700 एलईडी लाइटें पहले की लगवायी जा चुकी हैं। महापौर ने बताया कि रामनगरी के सभी प्रमुख मंदिरों के पास सोलर लाइट लगाने का निर्देश दिया जा चुका है।
हनुमानगढ़ी, कनकभवन, दशरथमहल, मणिरामदास की छावनी, नागेश्वरनाथ सहित अन्य मंदिरों के पास ये लाइट लगाई जाएगी। कहा कि अयोध्या में तीन प्रांतीय कृत मेले होते हैं। प्रति मेले में 15 से 20 लाख श्रद्धालु आते हैं।
मेले के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं हो पाती, जो कि रामनगरी की गरिमा के प्रतिकूल है। अब श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त रैन बसेरा बनवाया जाएगा। जिसमें करीब 10 हजार श्रद्धालु ठहर सकेंगे। जमीन चिह्नित की जा चुकी है।