अयोध्या। निकाय चुनाव के बाद अब साकेत महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव की तिथि अभी तय नहीं की गई है लेकिन महाविद्यालय प्रशासन की मानें तो अगले साल जनवरी में चुनाव कराया जा सकता है।
इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी भी चुनाव की तैयारियाें में जुटे हुए हैं। जगह-जगह पोस्टर-बैनर दिखने लगे हैं।
साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप खरे ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शीघ्र ही जिला प्रशासन से वार्ता कर इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निकाय चुनाव के कारण अभी तक छात्रसंघ चुनाव पर विचार नहीं किया गया था, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद अब तैयारी की जा रही है।
शासन ने एक जीओ जारी कर निकाय चुनाव होने तक छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगा रखी थी, अब निकाय चुनाव हो चुके हैं, इसलिए चुनाव की योजना बन रही है।
महाविद्यालय प्रशासन चुनाव कराने को लेकर प्रतिबद्ध है। प्राचार्य ने बताया कि 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक महाविद्यालय में बैक पेपर की परीक्षाएं होने जा रही हैं। इसके बाद 25 दिसंबर से सर्दी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में अगले वर्ष जनवरी में ही चुनाव कराना संभव है।
अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे संभावित प्रत्याशी
साकेत छात्रसंघ चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। इसके बावजूद संभावित प्रत्याशी व उनके समर्थक चुनाव तैयारी में जुटे हुए हैं।
अपने पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति तैयार करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। साकेत महाविद्यालय में भी चुनावी शोर गूंजने लगा है।
सोशल मीडिया के जरिये भी संभावित प्रत्याशी समर्थन जुटाने की जुगत में लगे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप खरे का कहना है कि लिंगदोह समिति के सिफारिशों के अनुसार ही चुनाव कराए जाएंगे। इनका उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।