कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
फैजाबाद। कांग्रेसियों ने शनिवार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिसमें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत के मामले में दोषियों पर कार्रवाई व प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता योगी सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए कमला नेहरू भवन से कचहरी के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही सिटी मजिस्ट्रेट ने उनसे ज्ञापन ले लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव कुमैल हैदर व मेजर अकबर अली ने कहा कि, भाजपा इतनी संवेदनहीन हो गई है कि एक तरफ विधायकों को खरीदने के लिए 15 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ 60 लाख रुपये के अभाव में अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई ठप हो रही है।
श्रीनिवास शास्त्री व आरिफ आब्दी ने कहा कि, इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी सरकार की है। ऐसे मुख्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए तथा पीड़ित परिवारों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शन के दौरान हरेकृष्ण गुप्ता, विनोद गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, शाहनवाज खान, अनूप मिश्र, अभिषेक सिंह, आशीष यादव, सूरज पांडेय आदि मौजूद रहे।