48 केंद्रों पर पीसीएस परीक्षा में बैठेंगे 22368 परीक्षार्थी
फैजाबाद। जिला प्रशासन ने 28 अक्तूबर को होने वाली पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस की तैनाती कर दी गई।
जिलाधिकारी ने बुधवार को कलक्ट्रेट में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। पीसीएस प्री की परीक्षा के लिए जिले में कुल 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 22368 परीक्षार्थी बैठेंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रत्येक तीन केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक पर्यवेक्षक/स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी।
जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने निर्देश दिया है कि पहली पाली की परीक्षा के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रश्नपत्र/उत्तर पुस्तिकाओं का शील्ड पैकेट सुबह छह बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 12 बजे कोषागार के डबल लॉक से प्राप्त करके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएंगे।
परीक्षा की समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षा के बीच स्टेटिक मजिस्ट्रेट संबंधित डाकघर तक पहुंचाएंगे। परीक्षा के नोडल अफसर व एडीएम वित्त एवं राजस्व मदन चंद्र दूबे ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारियां कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।