तोगड़िया के अयोध्या कूच को प्रशासन ने नहीं दी अनुमति
अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण भाई तोगड़िया के अयोध्या कूच कार्यक्रम पर ग्रहण लगता दिख रहा है। जिला प्रशासन ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद को कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी है।
एएचपी के क्षेत्र मंत्री जितेंद्र शास्त्री ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दे रहा है। रामभक्तों को अयोध्या आने से कोई नहीं रोक सकता है।
शास्त्री ने बताया कि 21 अक्तूबर को लखनऊ से अयोध्या के लिए बड़ी संख्या में रामभक्त संत-समाज डॉक्टर प्रवीण भाई तोगड़िया के नेतृत्व में अयोध्या के लिए कूच करेंगे। 22 को रामभक्त सरयू तट पर एकत्र होंगे और यहां शांतिपूर्ण धरना देंगे।
23 को पूर्वाह्न 11 बजे संतों के नेतृत्व में सरयू तट स्थित रामचंद्र दास परमहंस की समाधि पर एक संकल्प सभा का आयोजन कर राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने के लिए सरकार पर दबाव डालने का काम किया जाएगा।
कहा कि हमारा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से होगा, इसलिए अनुमति की परवाह नहीं होगी। एएचपी के जिला अध्यक्ष अरविंद मिश्रा ने बताया कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर श्रीराममंदिर निर्माण के लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
फैजाबाद जिले में अब तक तीन लाख लोगों से संपर्क कर अयोध्या कूच कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया जा चुका है। ज.गु.राघवाचार्य ने कहा कि अयोध्या में दर्शन के लिए किसी के आगमन पर रोक नहीं लगानी चाहिए।
लोकतंत्र में सभी को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने की अनुमति है। सरकार को राममंदिर पर अपना मंशा स्पष्ट करनी चाहिए। सीओ अयोध्या राजकुमार साव का कहना है कि कार्यक्रम के लिए अभी तक अनुमति नहीं दी गई है, जिले में त्योहारों के मद्देनजर धारा-144 लागू है, शांति व्यवस्था प्रभावित न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।