फैजाबाद रीजन में 87 संविदा परिचालकों की होगी भर्ती
फैजाबाद। उत्तर प्रदेश सड़क राज्य परिवहन निगम ने कुंभ के मेले की तैयारियों को देखते नौकरी का पिटारा खोल दिया है। पूरे प्रदेश में 3060 संविदा परिचालकों की नियुक्ति की जाएगी।
इसमें फैजाबाद रीजन के लिए 87 संविदा परिचालकों की नियुक्ति किए जाने के आदेश अपर प्रबंध निदेशक ने क्षेत्रीय प्रबंधक को दिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है।
15 से 25 अक्तूबर तक अभ्यर्थी रोडवेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शासन की ओर से नियुक्ति में पारदर्शिता बरतने के चलते नियुक्ति संबंधी सभी कार्य ऑनलाइन होंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एक माह में सभी परिक्षेत्रों को बड़ी संख्या में बस देने वाली है। साथ ही जनवरी से कुंभ मेला भी शुरू हो रहा है। इसमें एक हजार से रोडवेज की बसें लगाई जा रही है।
इस दोनों तथ्यों के दृष्टिगत परिवहन निगम ने बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए संविदा परिचालकों की नियुक्ति किए जाने का निर्णय लिया है। अपर प्रबंध निदेशक डॉ. बीडीआर तिवारी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश के 17 रीजनों में 3060 पदों पर संविदा परिचालकों की नियुक्ति की जानी है।
इसमें फैजाबाद रीजन के लिए 87 पदों पर संविदा परिचालक नियुक्त किए जाएंगे। भर्ती के क्रम में सबसे पहले निगम के मृतक आश्रितों फिर रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारियों, भूतपूर्व सैनिकों फिर अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वरीयता दी जाएगी।
इसके उपरांत एनसीसी के बी ग्रेड अभ्यर्थी फिर इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने निलेट संस्था से ओ लेवल की प्रशिक्षण प्राप्त किया हो, फिर इंटरमीडिएट की परीक्षा के साथ आईटीआई वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इन सभी क्षेत्र के अभ्यर्थियों के न मिलने के बाद इंटरमीडिएट व निलेट से ओ लेवल के अभ्यर्थी लिए जाने का प्रावधान है। भर्ती प्रक्रिया के लिए आयु सीमा उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार निर्धारित की गई है।
फैजाबाद परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र नाथ ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार फैजाबाद रीजन में 87 संविदा परिचालकों की भर्ती की जानी है। इसके लिए अभ्यर्थी 15 से 25 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूरी भर्ती प्रक्रिया आठ कटेगरी में निर्धारित है।