मया ब्लॉक के स्कूलों में 39 शिक्षक मिले अनुपस्थित
फैजाबाद। परिषदीय स्कूलों में पठन-पाठन और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर छापेमारी व चेतावनी का असर नहीं दिख रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी ने एक बार फिर अफसरों से मया ब्लॉक के स्कूलों की चेकिंग कराई तो 39 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि यदि किसी खंड शिक्षा अधिकारी की इसमें संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
दो दिन पहले डीएम ने अफसरों से अमानीगंज ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों की आकस्मिक चेकिंग कराई थी। इसमें 20 प्रधान अध्यापक, 26 सहायक अध्यापक और 22 शिक्षामित्र ड्यूटी से नदारद मिले थे। जिलाधिकारी ने नैतिकता का हवाला देते हुए चेतावनी जारी की थी। साथ ही अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया लेकिन इसका असर कम ही हुआ। मया ब्लॉक क्षेत्र के 196 परिषदीय विद्यालयों की चेकिंग के लिए बुधवार को 43 अफसरों को लगाया गया था। चेकिंग अभियान में चार प्रधानाध्यापक, 20 सहायक अध्यापक, 14 शिक्षा मित्र और एक अनुदेशक बिना प्रार्थना पत्र के विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इनका एक दिन का वेतन काटने के साथ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी अमिता सिंह को भेजी गई है।
डीएम नेे कहा कि जब तक शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होगी आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेगा। निरीक्षण मे कहीं विद्यालयों में शौचालय में ताला बंद था, तो कहीं सफाई नहीं थी। कहीं टूटे थे तो कही बहुत अच्छे टाइल्स लगे शौचालय मिले। अधिकांश विद्यालयों में मेन्यू के अनुसार भोजन पकता मिला। निरीक्षण को पहुंचे अधिकारियों ने मिड डे मील में तेल एवं मसाले ब्रांडेड कंपनी का प्रयोग करने के लिए कहा। अधिकांश विद्यालयों में वायरिंग मिली पर पोल से विद्युत लाइन नहीं खिंची गई थी। चहारदीवारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।