आयुष्मान भारत विश्व की सबसे बड़ी योजना: लल्लू
फैजाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को नगर निगम में 17 स्थानों पर कैंप लगाकर आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध लाभार्थियों की जानकारी दी। इस दौरान सांसद ने कहा कि आयुष्मान भारत विश्व की सबसे बड़ी योजना है, जिसका लाभ 10 करोड़ परिवारों को मिलने वाला है। इसके तहत परिवार के हर सदस्य को पांच लाख रुपये की चिकित्सीय सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस दौरान भाजपाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को सुना व इस विषय पर चर्चा की। अयोध्या के निर्मोचन घाट पर लगे कैंप में सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पूर्व में इसकी सूची 2011 की जनगणना के आधार पर तैयार की गयी थी। जिसकी वजह से सूची में कई पात्र वंचित रह गये थे। अब उनको भी सूचीबद्ध किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय ने सिविल लाइंस में लगे कैंप में आयुष्मान भारत योजना के विषय में जानकारी दी तथा पात्रों की सूची पढ़कर सुनाई। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय फतेहगंज रामजानकी मंदिर में आयोजित कैंप में मौजूद रहे। महंत मनमोहन दास अयोध्या के रामघाट, जिला महामंत्री संजीव सिंह चौक के टकसाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभिषेक मिश्र ने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात सुनी तथा आयुष्मान भारत योजना के विषय में जानकारी दी।
आयुष्मान योजना के तहत अयोध्या में 450 का चयन
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के तहत देश की जनता को आयुष्मान योजना के फायदे के बारे में जानकारी दी। धार्मिक नगरी अयोध्या में भी आयुष्मान योजना के तहत कई स्थानों पर कैंप का आयोजन किया गया। अयोध्या के झुनकीघाट, टेढ़ीबाजार, रायगंज, रामघाट में कैंप लगाकर सांसद लल्लू सिंह ने योजना की जानकारी लोगों को दी। आयुष्मान योजना में ऋणमोचन घाट और लक्ष्मणघाट वार्ड के 450 लोगों को चुना गया। इस सूची का प्रमाणीकरण भी कराया जाएगा। सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज सभी निजी व सरकारी अस्पतालों में कराए जा सकेंगे। बताया कि इस योजना के तहत पूरे जिले में 1 लाख 70 हजार नागरिकों के परिवार को लाभान्वित कराया जाएगा। इस दौरान महंत सियाशरण, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके सिंह, पार्षद वीरचंद माझी, पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम दास पहलवान सहित अन्य मौजूद रहे।