पेट्रोल पंप में लगी आग, मचा हड़कंप
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय के पास स्थित हरजस पेट्रोल पंप में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। लपटें इतनी जोरदार थीं कि स्थानीय लोग घर से बाहर निकलकर दूर जा खड़े हुए। एसएसपी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। रानोपाली चौराहा एवं टेढ़ीबाजार चौराहे पर बैरियर गिराकर यातायात रोक दिया गया। हालांकि दमकल कर्मियों ने शीघ्र ही आग पर काबू पा लिया और किसी प्रकार के जानमाल की क्षति नहीं हुई। इस घटना को लेकर घंटो अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी करुणाकर पांडेय ने बताया कि वह गाड़ी में तेल डाल रहे थे। एक गाड़ी में तेल डालने के बाद जैसे ही दूसरी गाड़ी में तेल डालने के लिए मशीन चलाई अचानक आग लग गई। जब तक कुछ समझ में आता, लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया था। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, आसपास के घरों के लोग घर से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तत्काल दमकल कर्मियों व पुलिस को दी गई। सूचना पर एसएसपी डॉ. मनोज कुमार, सीओ अयोध्या राजकुमार साव, आरएम अयोध्या अशोक कुमार समेत फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने फोम व पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। एसएसपी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है, सक्रियता के चलते किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं है, स्थिति सामान्य है।