पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पलिया रिसाली गांव का मामला
मसौधा। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पलिया रिसाली गांव में आर्थिक तंगी व बीमारी से तंग आकर एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवारीजनों को सौंपा है।
पलिया रिसाली गांव निवासी शेषराम पांडेय का पुत्र उदय नारायण पांडेय उर्फ पिंटू (28) शनिवार सुबह शौच के लिए धान के खेत की ओर गया था। करीब दो घंटे तक पिंटू घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की। इस पर वह खेत में अचेत पड़ा मिला।
आननफानन में पिंटू को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पिंटू पीलिया से पीड़ित था और आर्थिक तंगी के चलते इलाज कराने को लेकर परेशान था। मामले में थानाध्यक्ष पूराकलंदर जगदीश उपाध्याय का कहना है कि, अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिवारीजनों को सौंपा गया है।