सीआरओ के सामने एसडीएम-वकीलों में झड़प
करीब बीस दिनों से चल रहे कार्य बहिष्कार में कराने आए थे समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
मिल्कीपुर (फैजाबाद)। एसडीएम मिल्कीपुर का बहिष्कार कर रहे तहसील के वकीलों से समझौता कराने आए सीआरओ के समक्ष अधिवक्ताओं और एसडीएम में तकरार और गालीगलौज होने लगी। दोनों पक्ष एक दूसरे को देख लेने की बात कहते हुए कुर्सी से उठ खड़े हुए। गुस्साए वकीलों ने एसडीएम कार्यालय के सामने मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। हालांकि नायब तहसीलदार के मान-मनौव्वल के बाद वकील अपने शेडों में चले आए।
गुरुवार को मिल्कीपुर तहसील परिसर का नजारा उस काफी गहमागहमी भरा हो गया जब जिले के मुख्य राजस्व अधिकारी रामयश के सामने ही मिल्कीपुर एसडीएम वृजकिशोर दूबे और मिल्कीपुर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। मामला यहाँ तक पहुंच गया कि दोनों पक्ष एक दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे। इससे नाराज वकील एसडीएम कार्यालय के बाहर आकर मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। तहसीलदार एचएन सिंह की मान मनौव्वल के बाद आक्रोशित अधिवक्ता अपने शेडों में वापस आ गए। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डीएम के निर्देश पर सीआरओ अधिवक्ताओं और एसडीएम के बीच करीब बीस दिनों से चल रहे कार्य बहिष्कार में समझौता कराने आये थे। लेकिन जिले के अधिकारी के सामने मिल्कीपुर एसडीएम ने अपनी कार्यशैली का जो परिचय दिया वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अब डीएम को मामले से अवगत कराकर आर-पार की लड़ाई लड़ी जायेगी।