अटल अमृत योजना के तहत तीन पार्कों का प्रस्ताव
फैजाबाद। नगर निगम के सामने पार्क को आकर्षक बनाया जाएगा। इस पर काम शुरू हो गया है। अटल अमृत योजना में शहर के तीन पार्कों को बेहतर बनाए जाने का प्रस्ताव है। मंजूरी और धन आवंटन के बाद इनको भी सजाया संवारा जाएगा।
नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित बदहाल पार्क के दिन बहुरने वाले हैं। निगम कार्यालय के जीर्णोद्धार के साथ ही इस पार्क और इसके फव्वारे की भी व्यवस्था ठीक कराई जाएगी। पार्क परिसर में घास के साथ ही आने जाने वाले रास्ते पर ईंटें लगाई जाएंगी। पार्क के फव्वारे को हर समय चलने लायक बनाया जाएगा। रंगीन प्रकाश यहां झिलमिलाता रहे इसकी भी व्यवस्था किए जाने की तैयारी है। शहर में महापुरुषों की प्रतिमाओं वाले कई पार्क हैं। कई का जीर्णोद्धार विभिन्न संगठनों ने कराया। इनको सजाया संवारा गया। कई में गेट लग गए लेकिन कुछ में गेट न लगने के कारण इसमें बैठकर खाने पीने वाले इसको गंदा बना रहे हैं लेकिन इसकी सफाई न होने से यह फिर बदहाली की ओर बढ़ रहे हैं। अटल अमृत योजना के तहत तीन पार्कों को सजाने-संवारने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें केशवधाम अमानीगंज, जलकल अमानीगंज और अंगूरीबाग स्थित पार्क शामिल है। स्वीकृति और धन आवंटन के बाद इनको भी बेहतर बनाया जाएगा। निगम के लोक निर्माण विभाग ने बताया कि निगम के सामने पार्क को दुरुस्त कराया जा रहा है। तीन पार्कों को अटल अमृत योजना के तहत विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।