33 केंद्रों पर हुई एनएचएम के अभ्यर्थियों की परीक्षा
फैजाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती परीक्षा रविवार को जिले के 33 केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा में मात्र 36 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तहत टीवी यूनिट, एसटीएच सहित विभिन्न पदों पर भर्ती परीक्षा रविवार को आयोजित हुई। अपर निदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण राजेंद्र कपूर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता व एडीएम वित्त एवं राजस्व की तीन सदस्यीय कमेटी की निगरानी में पूर्वाह्न 11 बजे से जिले के 33 केंद्रों पर परीक्षा शुरू हुई।
परीक्षा में कुल 15542 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। जिसके सापेक्ष मात्र 5640 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। इस तरह लगभग 64% अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान प्रत्येक केंद्र पर पुलिस व प्रति तीन सेंटर पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया बहुत कम अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं पाई गई।