कैंपस कोर्सों के लिए 20 से ऑनलाइन आवेदन
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा की घोषणा के साथ विश्वविद्यालय कैंपस में प्रवेश संबंधी सूचना जारी कर दी है। कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने बताया है कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 20 मार्च से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की प्रवेश संबंधी वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
उन्होंने बताया है कि प्रवेश फॉर्म का परीक्षा शुल्क 8 जून व आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया है कि प्रवेश के लिए परीक्षाएं 18, 19 व 20 जून को होंगी। इसके बाद परिणाम घोषित करके शासन के निर्देशानुसार एक जुलाई से नए सत्र का आगाज कर दिया जाएगा।
12 नए कोर्सों के लिए भी होंगे दाखिले
कुलपति प्रो. दीक्षित ने बताया है कि वर्ष 2018-19 के सत्र में 12 नए कोर्सों के साथ पुराने 11 कोर्सों के लिए दाखिले लिए जाएंगे। उन्होंने बताया है कि इंजीनियरिंग के गेट व बेट परीक्षाओं की निर्धारित सीटों के अलावा विश्वविद्यालय अपनी सीटों पर प्रवेश लेगा। उन्होंने बताया है कि नए कोर्सों में मास्टर ऑफ परफारमिंग आर्ट्स, बेचलर ऑफ मार्केटिंग एंड आईटी, समाज कार्य विषय में एमफिल, पीजी डिप्लोमा इन हेरिटेज मैनेजमेंट, मास्टर इन हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, एमए इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, बेचलर ऑफ कोर्स इन होटल मैनेजमेंट, एसएससी इन जियोफिजिक्स, बीसीसी इन फिजिक्स, मैथ एंव इलेक्ट्रानिक, बीएससी फिजिक्स मैथ एवं कंप्यूटर व पीजी डिप्लोमा इन वीएलएसआई डिजाइन होंगे। इन सभी कोर्सों के लिए मान्यता की मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा पुराने 11 कोर्सों पर पूर्व की भांति एडमिशन किए जाएंगे।
महाविद्यालयों में भी प्रवेश के लिए जारी किए जाएंगे यूआईएन कोड
- डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले छात्रो के लिए एक यूआईएन कोड जारी करेगा। इस कोड के बिना किसी भी महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं का प्रवेश मान्य नहीं होगा। कुलपति ने बताया है कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर सभी महाविद्यालयों प्रवेश लेने वाले छात्रों को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। विश्वविद्यालय की वेबसाइट से एक कोड प्राप्त होगा, जो महाविद्यालयों में प्रवेश के समय छात्र-छात्राओं को लिखना अनिवार्य होगा। कुलपति ने बताया है कि इससे प्रवेश के समय ही छात्रों की सही जानकारी विश्वविद्यालय को हो जाएगी। साथ ही इस यूएनआई नंबर को बाद में आधार से जोड़ा जाएगा। इसी यूएनआई नंबर से ही बाद में छात्र-छात्राओं का पूरा डाटा मिल जाया करेगा।
एक क्लिक से हो सकेगा अंक तालिका का सत्यापन
- कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने बताया है कि अवध विश्वविद्यालय को अवैध के दाग से मुक्त कराने के लिए पूरी अंक तालिका को डिजिटल किया जा रहा है। अब सत्यापन के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर रोलनंबर लिखने पर पूरा डाटा खुलकर मिल जाएगा। इसके लिए पूरी अंक तालिका को पहले लेमिनेट किया गया है। कुलपति का कहना है कि अंक तालिका की हालत बहुत खराब थी, इसके लिए काफी मेहनत करनी पड़ी है। पूरी अंक तालिका को ऑनलाइन डालने की प्रक्रिया का एक लद्यु वीडियो भी दिखाया गया कुलपति ने बताया है कि एक माह में पूरी प्रक्रिया पूर्णत ऑनलाइन हो जाएगी।