जरा सी बारिस से सड़कें लबालब
फैजाबाद। जिलेभर में दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से गर्मी से राहत रही, मगर नाले चोक होने से लोगों जलभराव से जूझना पड़ा। शहर में सड़कें, गलियां, परिसर जगह-जगह लबालब दिखे। किसानों में बारिश शुरू होने खुशी है, हालांकि रोपाई लायक पानी बरसने का इंतजार है।
शनिवार से शुरू हुई बारिश रात्रि से लेकर रविवार को पूरे दिन रुक-रुक कर जारी रही। सुबह से ही रिमझिम बारिश होनी शुरू हो गई। आसमान से गिर रही हल्की-हल्की फुहार के बीच लोग अपने घरों से निकले, दोपहर तक मौसम साफ हुआ लेकिन बादलों की आवाजाही लगी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जहां-तहां बारिश हुई, कहीं-कहीं लोगों को बूंदाबांदी से ही संतोष करना पड़ा। यद्यपि गर्मी से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों से हो रही प्री-मानसूनी बारिश मानसून का दबाव बनाने में सहायक है। शीघ्र ही मानसूनी बारिश की जिले में दस्तक देने के आसार हैं। दो दिनों से हो रही सीजन की पहली और सामान्य बरसात से शहर में जगह-जगह जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई, जो नगरपालिका द्वारा कराई गई नालों की साफ-सफाई की पोल खोलने के लिए पर्याप्त है।
आज सक्रिय होगा जिले में मानसून
एनडी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि 24 घंटे में जिले में मानसून सक्रिय होगा और अच्छी बारिश की संभावना है। रविवार को जिले में औसतन 35 मिमी बारिश हुई है। सर्वाधिक बारिश बीकापुर में 40 मिमी हुई है। सबसे कम कुमारगंज में 18 मिमी दर्ज हुई है।