85 हजार बच्चों को पिलाई पोलियोरोधी खुराक
अयोध्या। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिले भर में किया गया। पहले दिन 1271 बूथों पर करीब 85 हजार बच्चों ने पोलियो की खुराक लिया। जिला महिला अस्पताल में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने पोलियो बूथ का उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाने के लिए 0-5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की माता-पिता की जिम्मेदारी है। अभियान के तहत लक्षित बच्चों में से एक भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए, इसका ध्यान रखा जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान जिले भर में 15 अप्रैल तक चलाया जाएगा। 1271 बूथों पर अनुमानित 4.60 लाख घरों के लगभग 3.36 लाख बच्चों को पोलियो कि दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिसमें से पहले दिन करीब 85 हजार बच्चों को दवा पिलाई गई। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को शत-प्रतिशत पोलियो खुराक पिलाने के उद्देश्य से डोर-टू-डोर कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके देव, सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. श्रीकांत शुक्ला, सुमन स्वरूप, डॉ. नीरज सिंह, डीसीपीएम अमित कुमार आदि मौजूद रहे।