कार्यकर्ता को सरकार की योजनाओं की हो पूरी जानकारी
फैजाबाद। अवध प्रांत के प्रांतीय संगठन महामंत्री प्रद्युम्न ने रीडगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में भाजपा की संगठनात्मक बैठक की। सभी जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों से बूथ, पोलिंग स्टेशन के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हासिल की। प्रांतीय संगठन मंत्री बनने के बाद जिले में यह उनकी पहली बैठक थी। कहा, पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री प्रद्युम्न ने सर्वप्रथम केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में सांसद लल्लू सिंह व हरिओम पांडेय को अवगत कराने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए विधायक रामचंद्र यादव, वेद प्रकाश गुप्ता, इंद्र प्रताप तिवारी, गोरखनाथ बाबा व शोभा सिंह चौहान को बुलाया। मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों से भी केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं बताने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में पूरी दुनिया में भारत का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है। सबका साथ सबका विकास के नारे पर चल रही भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर पात्र को दिया है। कहा कि हर कार्यकर्ता को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए। जिससे वह गांव-गांव व घर-घर जाकर योजनाओं का प्रचार प्रसार कर सके। जिला प्रभारी शेष नरायन मिश्रा ने कहा कि गांव में चौपाल लगने से जनसमस्याओं का निराकरण हुआ है, इसलिए चौपाल को लगाने की व्यवस्था फिर से प्रारंभ करने के लिए उच्च स्तर पर वार्ता की जाएगी। इस अवसर पर महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय, पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी, रामदेव आचार्य, मथुरा तिवारी, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सहकारी सभा के सभापति अंकुर सिंह, गन्ना चेयरमैन दीपेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष महंत मनमोहनदास आदि मौजूद रहे।