1619 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा, पांच नकलची दबोचे
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि की मुख्य परीक्षा में रविवार को 1619 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। परीक्षा में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 37,561 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, लेकिन 35,942 परीक्षार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हुए हैं।
परीक्षा में सचल दलों ने 82 केंद्रों का औचक निरीक्षण किया है। इसमें 5 परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया है। सभी पर विवि के नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
परीक्षा नियंत्रक उमानाथ के अनुसार तीन पालियों की परीक्षा में 26 हजार 556 छात्र व 11 हजार 5 परीक्षार्थियों को परीक्षा में भाग लेना था। इसमें 1हजार 370 छात्र व 249 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी है।
उन्होंने बताया है कि सभी महाविद्यालय परीक्षा अवधि के दौरान ऑडियोयुक्त सीसीटीवी के माध्यम से लाइव रहे। अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़े गए नकलचियों में सिर्फ एक छात्रा है।