शिवा बेकर्स ने किया ट्रॉफी पर कब्जा
अयोध्या। दो दिवसीय सातवीं अमर शहीद हेमू कालाणी डे-नाइट रूल आउट कैनवस बाल फार्मेट क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में शिवा बेकर्स ने रोहित राइडर्स को 9 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
रामनगर कॉलोनी के बीच मैदान में आयोजित प्रतियोगिता कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया। सेमीफाइनल मैच में शिवा बेकर्स ने रोहित फ्रेंकलिन ग्रुप व रोहित राइडर्स ने मनी डॉलर क्लब को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मैच शिवा बेकर्स व रोहित राइडर्स के बीच हुआ। जिसमें शिवा बेकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और टेस्ट फार्मेट की तर्ज पर दो राउंड के खेल में चार-चार ओवरों का मैच खेलकर 65 रन बनाकर रोहित राइडर्स को चुनौती दी।
रोहित राइडर्स ने दोनों राउंड के खेल में सभी विकेट गंवाकर मात्र 56 रन ही बनाए और 9 रनों से शिवा बेकर्स ने अमर शहीद हेमू कालाणी ट्रॉफी पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता में मैन-ऑफ-द-सीरीज वंश राजपाल और बेस्ट बॉलर हेमंत वासवानी, बेस्ट फील्डर गगन माखेजा, बेस्ट बैट्समैन पीयूष लालवानी व बेस्ट कीपर सुमित माखेजा को उप्र सिंधी युवा समाज के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश ओमी, सिंधी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष अमृत राजपाल व युवा समाज के प्रदेश सचिव हरीश सावलानी ने पुरस्कृत किया।