मंदिरों में दर्शन व पूजन को लगी रही भक्तों की कतारें
अयोध्या। चंद्रग्रहण के बाद रामनगरी में सरयू में स्नान एवं दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार होने के नाते सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। ब्रह्म मुहूर्त से ही शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात चलता रहा।
इस वर्ष के पहले चंद्रग्रहण के कारण लगने वाले सूतक के चलते रामनगरी के मंदिरों के कपाट सोमवार की दोपहर से ही बंद कर दिए गए थे, जिससे सावन मेले में जमे तमाम श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन से वंचित रह गए।
चंद्रग्रहण की समाप्ति के बाद मंगलवार की सुबह मंदिरों की साफ.-सफाई, श्रृंगार, पूजन, मंगला आरती के बाद जैसे ही पुन: मंदिरों के कपाट खुले तो दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्रहण के बाद शास्त्रों में स्नान, दान एवं पूजन का विधान बताया गया है।
ग्रहण खत्म होते ही पवित्र नदियों में स्नान की महत्ता है, जिसके चलते रामनगरी में हजारों श्रद्धालुओं ने पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई और विभिन्न मंदिरों नागेश्वरनाथ, कनक भवन, रामलला, हनुमानगढ़ी आदि में दर्शन-पूजन किया।
प्रतिबंधित रहा यातायात
ग्रहण स्नान के लिए अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते प्रशासन द्वारा यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया था। मुख्य मार्ग पर श्रीराम अस्पताल से लेकर नयाघाट तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय सहित अन्य अधिकारी मंगलवार की सुबह नयाघाट पर डटे रहे।