फैजाबाद। अयोध्या नगर निगम की प्रतिष्ठापूर्ण सीट जीतकर भाजपा ने इज्जत तो बचाई, मगर जिले के बाकी चार निकायों में सपा ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। भाजपा का सूपड़ा ही साफ हो गया है।
सपा ने नगर पालिका रुदौली की अध्यक्षी भाजपा से छीनी है, जबकि बीकापुर बसपा के खाते से कटकर सपा के नाम आ गई। बाकी गोसाईंगज व भदरसा में सपा की वापसी हुई है।
नगर पंचायत भदरसा में एक और नया रिकॉर्ड बना है, यहां अध्यक्ष सहित सभासद के सभी 11 पदों पर सपा जीत गई। जिले के नगर निकाय चुनाव के नतीजों ने नगर पालिका व नगर पंचायतों में करारी हार से भाजपा की रणनीति पर पानी फेर दिया है।
नगर निगम के अलावा एक नगर पालिका परिषद व तीन नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर सपा का कब्जा हुआ है। भाजपा के पांच विधायक भले ही क्षेत्र की नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जिताने के लिए प्रतिष्ठा लगाए थे, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली।
सभी सीटों पर कहीं न कहीं अपनों की नाराजगी भाजपा को ले डूबी। अपनों के विद्रोह से कई सीटें अन्य दलों की झोली में चली गईं।
भदरसा में अपनों की नाराजगी भाजपा को ले डूबी
मसौधा। भाजपा के लिए सबसे निराशाजनक परिणाम नगर पंचायत भदरसा का रहा। यहां अध्यक्ष सहित सभी 11 वार्ड के सभासद पदों पर भी सपा का परचम लहराया।
सपा की अध्यक्ष पद प्रत्याशी रेहाना बेगम ने 1249 मतों से भाजपा प्रत्याशी निशा देवी को मात दी। पिछले चुनाव में यहां रेहाना के बेटे मो. राशिद चेयरमैन थे।
बोर्ड में भाजपा के चार, सपा के चार व तीन बसपा के थे। यहां बसपा प्रत्याशी जुबैरिया 749 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। रेहाना बेगम पूर्व चेयरमैन मो. अहमद की पत्नी व निवर्तमान चेयरमैन मो. राशिद की मां हैं। यहां पर भाजपा की करारी शिकस्त में टिकट बंटवारे को लेकर अपनों की नाराजगी प्रमुख मानी जा रही है।
गोसाईगंज में दांव पर लगी थी अभय व खब्बू की प्रतिष्ठा
गोसाईगंज। नगर पंचायत गोसाईगंज में भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। गोसाईगंज के पूर्व विधायक अभय सिंह व मौजूदा विधायक इंद्रप्रताप तिवारी (खब्बू) की साख दांव पर लगी थी।
दोनों की तकरार से माहौल गरम रहा। चंद दिनों पहले टिकट की शर्त पर सपा का दामन थामने वाले रमेशचंद्र कसौधन उर्फ पप्पू लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने गए।
यहां भाजपा के प्रदीप गुप्ता तीसरे पायदान पर रहे। कांटे का मुकाबला सपा के बागी प्रत्याशी वैश अंसारी ने दिया। अंतिम दौर में रमेश कसौधन ने वैश अंसारी को 90 मतों से पराजित किया।
इससे पहले भी रमेशचंद्र कसौधन गोसाईगंज के निर्दल अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं, लेकिन बाद में अभय गुट में शामिल होकर सपाई हो गए थे। पूर्व विधायक अभय सिंह ने कहा कि यह जीत गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ है।
रुदौली भी हारी भाजपा
रुदौली। नगर पालिका परिषद रुदौली में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। पिछली बार सपा की सूबे में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद हुए निकाय चुनाव में तीनों नगर पालिकाएं अयोध्या, फैजाबाद व रूदौली जीतकर भाजपा ने हैट्रिक की खुशी मनाई थी।
इस बार दोनों नगर पालिकाओं को मिलाकर बना अयोध्या नगर निगम तो बच गया, मगर रूदौली पर सपा ने परचम लहराया। सपा ने अध्यक्ष पद पर पूर्व चेयरमैन जब्बार अली के रूप में जीत दर्ज की है। इसके पहले दो बार जब्बार नगर पालिका की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
सपा ने जोरदार वापसी करते हुए भाजपा को 5790 मत से पराजित किया। बीते चुनाव में आपसी मतभेद के कारण सपा को हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव के पूर्व पूर्व विधायक रुश्दी मियां ने आपसी सामंजस्य बना लिया। आए नतीजों में सपा प्रत्यासी को 11389, भाजपा के अशोक कसौंधन को 6599 व बसपा की नसरीन बानो को 586 मत प्राप्त हुए।
बसपा से सपा ने छीनी बीकापुर सीट
नगर पंचायत बीकापुर के चुनाव में अध्यक्ष पद पर सपा के जुग्गीलाल यादव विजयी हुए। यहां पर शुरू से ही भाजपा व सपा के मध्य मुकाबला बना रहा।
जुग्गीलाल ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी राकेश पांडेय राना को 406 मतों से पराजित किया। सपा प्रत्याशी को 1771 तो भाजपा को 1365 मत प्राप्त हुए।
942 मत पाकर निर्दल उम्मीदवार संजय तिवारी तीसरे पायदान पर रहे। पिछली बार बसपा से सुलेखा खातून चेयरमैन थी। इस बार बसपा प्रत्याशी वेद प्रकाश निषाद को 611 वोट ही मिले है।