अयोध्या (फैजाबाद)। इस बार की दिवाली को त्रेता युग की तरह ही भव्य बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसका ब्लू प्रिंट लेकर पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक अखंड प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ शुक्रवार को सुबह अयोध्या में घंटों कई स्थानों पर घूमे। तय हुआ कि नंदीग्राम में भरत मिलाप के बाद राज्यपाल दिन में ही साकेत कॉलेज में राम-भरत-लक्ष्मण-सीता समेत पूरी सेना की अगुवानी करेंगे। इसके बाद कालेज से रामकथा पार्क नयाघाट तक राम राज्याभिषेक यात्रा निकलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क में तिलक लगा राम को राजगद्दी देंगे।
लंका पर विजय के बाद लौटे राम की खुशी जैसी दिवाली मनाने को लेकर अयोध्यावासी उत्साहित हैं। साधु-संत और धर्माचार्य इस अलौकिक दृष्य को देखने के लिए भावविभोर हो रहे हैं। पर्यटन विभाग के एमडी अखंड प्रताप सिंह व उपनिदेशक पर्यटन प्रीति श्रीवास्तव ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शुक्रवार को इसी सिलसिले में अयोध्या का दौरा किया। अधिकारियों ने साकेत महाविद्यालय, टेढ़ीबाजार, हनुमानगढ़ी, पोस्टऑफिस तिराहा, तुलसी उद्यान, रामकथा संग्रहालय, राम की पैड़ी व सरयू घाट का निरीक्षण किया। राम की पैड़ी, सरयू घाट व रामकथा पार्क की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया गया।
डीएम अनिल कुमार पाठक, निदेशक रामकथा संग्रहालय योगेश कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बीपी सिंह, नगर आयुक्त मार्तंड प्रताप सिंह सहित सिंचाई, पावर कारपोरेशन, विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भव्य सजावट से आलोकित होगी रामनगरी
पर्यटन विभाग की ओर से बन रही योजना के मुताबिक दीपावली पर आयोजित राम राज्याभिषेक के अवसर पर संपूर्ण रामनगरी भव्य सजावट से आलोकित होगी। सीएम योगी द्वारा माता सरयू की आरती की जाएगी। यहां 1 लाख 21 हजार दीपों से सरयू तट आलोकित होगा। हर घर से लोग दीप लेकर निकलेेंगे। एमडी पर्यटन ने घाट व राम की पैड़ी के आसपास स्थित भवनों व मंदिरों को एक रंग में रंगने का निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भवन व मंदिर स्वामियों के साथ बैठक कर सहमति बना लें।
दीपावली पर होंगे यह उत्सव
दीपावली को अयोध्या की गरिमा के अनुकूल मनाने की तैयारी तेज हो है। यह आयोजन दिवाली की पूर्व संध्या पर 18 अक्तूबर को होगा। दोपहर में ही साकेत महाविद्यालय में राज्यपाल राम नाईक राम की अगुवानी करेगें। यहां राम राज्याभिषेक शोभायात्रा निकलेगी। इसका जगह-जगह साधु-संतों और अयोध्यावासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में मौजूद होगें। वे रामकथा पार्क में राम का राज्याभिषेक करेंगें। इस अवसर पर वे 108 कन्याओं का पूजन भी करेंगे। इस अवसर पर रामलीला मंचन की भी योजना है।