फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ददेरा में बनेगा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज

विज्ञापन
विज्ञापन
फैजाबाद। शिक्षा क्षेत्र पूराबाजार की ददेरा ग्रामसभा में ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को बेहतर तालीम देने के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनने की राह साफ हो गई है। विधायक के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री की ओर से अनुमति प्राप्त होते ही कॉलेज के लिए निर्माण इकाई से बजट मांगा गया है। इस क्षेत्र में अब तक एक भी बालिका विद्यालय न होने से अब ग्रामीण अंचल की बालिकाओं को भी स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।
विज्ञापन


अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में शहरी इलाके में बालिकाओं के पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में बालिकाओं के लिए माध्यमिक स्तर का एक भी विद्यालय नहीं हैं। बल्कि यहां निजी शिक्षण संस्थानों की भरमार है। शहर के निकटवर्ती स्थानों से तो बालिकाएं मैट्रिक स्तर की शिक्षा के लिए शहर तक आ जाती हैं, लेकिन यह दूरी बढ़ने पर बालिकाओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना मुश्किल हो जाता है।

या तो यहां की बालिकाएं लंबी यात्रा तय करके शहर मुख्यालय तक आती हैं या निकट के मान्यता प्राप्त व गैर मान्यता प्राप्त संस्थानों में पढ़ने को मजबूर हैं। अब शिक्षा क्षेत्र पूराबाजार के ददेरा गांव में एक बालिका इंटर कॉलेज खोलने को हरी झंडी मिल गई है। नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता के प्रस्ताव पर शासन स्तर से यह स्वीकृति मिली है, जिससे ग्रामीण अंचल की बालिकाओं को बेहतर व सुलभ तालीम मिलने में सहूलियत के आसार दिखाई पड़ रहे हैं।
विज्ञापन

शासन को भेजे प्रस्ताव में उल्लेख है कि ददेरा जनपद का एक सुदूर ग्रामीण क्षेत्र है, जिसके आठ किलोमीटर की परिधि में बालिकाओं की शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। इस समस्या से निजात के लिए ददेरा में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की स्थापना आवश्यक है। इसके लिए जमीन भी चिन्हित की गई है।

उल्लेख है कि इसी ग्रामसभा में 0.843 हेक्टेयर भूमि खाली पड़ी है, जो बालिका इंटर कॉलेज के नाम से पूर्व से दर्ज है, लेकिन विद्यालय आज तक नहीं बन सका है। बीती फरवरी में भेजे गए इस प्रस्ताव पर शासन से कॉलेज निर्माण के लिए स्वीकृति मिल गई है। अब निर्माण इकाई नामित करके बजट आदि मांगा गया है। यदि यह विकास कार्य धरातल पर आया तो निश्चित रूप से बालिकाओं का भविष्य उज्ज्वल करने में आसानी मिलेगी।

ददेरा में बालिका इंटर कॉलेज की स्थापना के लिए बीती फरवरी में मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसके निर्माण की अनुमति मिल गई है। निर्माण इकाई नामित करके बजट आदि प्रेषित करने को कहा गया है, जिस पर कार्य चल रहा है। धन अवमुक्त होते ही निर्माण कार्य चालू होगा।
-वेदप्रकाश गुप्ता, विधायक अयोध्या

नगर विधायक ने शिक्षा क्षेत्र पूराबाजार के ददेरा में भूमि का चिन्हांकन करके राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिस पर मुहर लग चुकी है। लेकिन अभी तक हमें पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। निर्देश मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-आरबी सिंह चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक फैजाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें