फैजाबाद। सर्वसमाज संघर्ष मोर्चा द्वारा शनिवार को एससी-एसटी एक्ट के विरोध में गुलाबबाड़ी से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया। जुलूस में मोदी सरकार के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी की। गांधी पार्क पहुंचकर जुलूस सभा में तब्दील हो गया।
सुबह 11 बजे गुलाबबाड़ी से निकला जुलूस रीडगंज, चौक, रिकाबगंज, सिविल लाइन होते हुए गांधी पार्क पहुंचा। इस दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एससी-एसटी एक्ट को वापस लेने की मांग की। सांसद लल्लू सिंह व नगर विधायक के विरोध में नारे भी लगाए गए।
गांधी पार्क में सभा में मौजूद क्षत्रिय महासभा समाजोत्थान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम अनुज सिंह ने कहा जिस दल ने राम का नाम लेकर सत्ता में पहुंचने का कार्य किया और उसी राम को ही भूल गए। वह दल आम जनता का क्या होगा, इसका उदाहरण मोदी सरकार ने दलित एक्ट में संशोधन कर साबित कर दिया।
डॉ. एचबी सिंह ने कहा कि यदि सरकार इस एक्ट में संशोधन नहीं करती है तो समाज मोदी सरकार को आगामी चुनाव में उखाड़ फेंकेगी। सभा का संचालन संजय महिंद्रा ने किया। इस दौरान चाणक्य परिषद के पं. कृपानिधान तिवारी, धर्म सेना के अध्यक्ष संतोष दूबे, दिग्विजय नाथ चौबे, मनीष पांडेय, अनुराग पांडेय, पार्षद दिलीप यादव, कमलेश सिंह, जेडी सिंह, अशोक सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा।