फैजाबाद। स्टोन क्रिकेट एकेडमी अयोध्या द्वारा साकेत महाविद्यालय के मैदान पर आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट टेस्ट मैच में फैजाबाद की टीम ने बनारस की टीम को दो विकेट से हराया। विजेता टीम को प्राचार्य अजय मोहन श्रीवास्तव व गिरीश पति त्रिपाठी ने सम्मानित किया।
बनारस मंडल एवं फैजाबाद मंडल के मध्य खेले गए इस मैच में मेहमान बनारस टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 159 रनों पर ऑल आउट हो गई। बनारस की तरफ से बल्लेबाज सूरज ने सर्वाधिक 68 तथा मनीष ने 20 रनों का योगदान दिया। फैजाबाद की ओर से शिवम, धनंजय सिंह, महताब ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में फैजाबाद की टीम पहली पारी में मात्र 82 रनों पर आउट हो गई। दूसर पारी में बनारस की टीम 159 रनों पर आउट हो गई, इसमें फैजाबाद के महताब ने 7 विकेट चटकाए। बनारस की टीम पहली पारी में 87 रनों की बढ़त के साथ कुल 247 रन का लक्ष्य दिया।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी फैजाबाद की टीम ने रितु आहूजा के 62, अनुराग सिंह के 61, व महताब ने 27 रनों की बदौलत दो विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन आफ द मैच महताब को दिया गया। प्रतियोगिता के आयोजक वरिष्ठ खिलाड़ी अनित सिंह व अनुराग सिंह रहे। इस अवसर पर दीपेंद्र श्रीवास्तव, पूनम जोशी, सैयद सुबहानी, अनूप सिन्हा, हेमंत कालरा, साकेत दुबे समेत अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।