बंदी के जन्मदिन मनाने के मामले जेलर समेत कई दोषी, जल्द कार्रवाई
फैजाबाद। कारागार राज्यमंत्री जय प्रकाश सिंह जैकी ने कहा कि फैजाबाद मंडल कारागार में बंदी शिवेंद्र सिंह द्वारा जन्मदिन मनाने के मामले में डीआईजी कारागार की जांच पूरी हो गई है।
मामले में जेलर दोषी समेत कई दोषी पाए गए हैं। इसकी रिपोर्ट एडीजी जेल को सौंपी गई है, जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
वे शुक्रवार को मंडल कारागार के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जेल राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जेलों में लगातार सुधार किया जा रहा है। जेलों में बंदियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनमें बैरकें बढ़ाई जा रही है साथ ही नई जेलों का निर्माण कराया जा रहा है।
अंबेडकरनगर में जेल निर्माण पूरा हो चुका है, उसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश की जेल में 54 प्रतिशत ओवर क्राउडेड है, इसके लिए जेल में बैरकों की संख्या बढ़ाई जा रही है। साथ ही नए जेलों का निर्माण किया जा रहा है।
चित्रकूट, इटावा व अंबेडकरनगर की जेल का निर्माण पूरा हो चुका है, इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इटावा और नोएडा की जेल को सेंट्रल जेल बनाने का भी प्रस्ताव भेजा गया है।
बताया कि जेल में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 24 जेलों में जैमर लगाए जा चुके हैं, इसके अलावा सभी जेलों में सीसीटीवी लग गए हैं। वहीं जेल में मेटल डिटेक्टर व स्कैनर की भी व्यवस्था की जा रही है। कारागार राज्यमंत्री जय प्रकाश सिंह अपना दल के सम्मेलन में भाग लेने आए थे।