सराफा व्यापारी को घायल कर लाखों की लूट
फैजाबाद। कोतवाली रुदौली के रसूलाबाद-फत्तापुर मार्ग पर गुरुवार रात दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे सराफा व्यापारी को घायल कर बाइक सवार दो बदमाशों ने बैग में रखे डेढ़ किलोग्राम चांदी व 15 ग्राम सोने के जेवरात और पांच हजार नकद लूटकर फरार हो गए।
कोतवाली पुलिस व्यापारी की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच कर रही है। जानकारी अनुसार मंगल बाजार निवासी रूप नारायण सोनी की कोतवाली के फत्तापुर चौराहे पर सर्राफ की दुकान है। वह गुरुवार देर शाम दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था।
जलीलपुर गांव के निकट पीछे से बाइक से आ रहे दो युवकों ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले से व्यापारी गिर गया और बदमाश बाइक की डिग्गी में रखा जेवरात का बैग निकलकर फरार हो गए।
सराफा व्यवसायी ने बताया कि बैग में डेढ़ किलोग्राम चांदी व15 ग्राम सोने के जेवरात और पांच हजार की नकदी थी। वारदात की सूचना मिलने पर सीओ अमर सिंह व कोतवाल विश्वनाथ प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे।
एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने भी शुक्रवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ग्रामीण ने बताया की लूट का खुलासा करने के लिए कोतवाल रुदौली को निर्देश दिए गए है। कोतवाल विश्वनाथ यादव ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।