इनायतनगर में दो, तारुन व बीकापुर एक-एक घटना
फैजाबाद। हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक दो महिलाओं और तारुन व बीकापुर थाना क्षेत्र में एक-एक महिला ने चोटी कटने की बात कही है। सभी मामलों को पुलिस ने महज अफवाह करार दिया है।
हैरिंग्टनगंज प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम रेवनि में पूरे हरिपंका निवासी संजय यादव की पत्नी सीमा बुधवार शाम घर से निकलकर खेत की ओर गई थी, जहां उसकी चोटी कट गई।
परिवारीजनों के अनुसार चोटी कटने की जानकारी होते ही सीमा बेहोश हो गई और जिला चिकित्सालय में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरी घटना ग्राम नियामतपुर मजरे सहसेपुर में हुई।
इस गांव के रहने वाले रामचंद्र की पुत्री रेनू बुधवार शाम नहाने जा रही थी। इस दौरान जब उसने सिर में हाथ लगाया तो चोटी कटने की जानकारी हुई। इससे रेनू घबराकर बेहोश हो गई। जिला चिकित्सालय में उसका इलाज चल रहा है।
दोनों मामलों को हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी राजेश यादव ने महज अफवाह बताते हुए इन पर ध्यान न देने की बात कही। तारुन प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के आदर्श गांव बरांव निवासी शकील मोहम्मद की पत्नी सायरा बुधवार शाम चोटी कटने से बेहोश हो गई।
परिवारीजनों ने सायरा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात होश आने के बाद गुरुवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली अंतर्गत तेंदुआ माफी गांव निवासी परमेश्वादीन यादव की पत्नी कलावती ने गुरुवार दोपहर एक बजे चोटी कटने की बात कही।
कलावती के भतीजे कृष्णा प्रसाद यादव ने बताया कि चारपाई पर चोटी कटी पड़ी मिली। कलावती को बीकापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।