चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट, चार घायल
अमर उजाला ब्यूरो
तारुन (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में बुधवार रात दस बजे चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान व विपक्षी खेमे में विवाद हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों की दो महिलाओं सहित चार लोग चोटहिल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनो पक्षों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज किया है।
बताते हैं कि रात दस बजे टिकरी के श्यामलाल निषाद की किराना दुकान पर गांव के ही सियाराम सामान खरीदने गये थे, वहां पहले से ही ग्राम प्रधान लालता प्रसाद कनौजिया मौजूद थे। प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर दोनों एक-दूसरे पर तंज कसने लगे। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी। हल्ला-गुहार पर दोनों पक्षों के परिवारीजन व गांव के लोग भी बीचबचाव करने पहुंचे। मारपीट में प्रधान की पत्नी शोभावती, बहू अवध कुमारी तथा दूसरे पक्ष से सियाराम व उनका बेटा रामनाथ चोटहिल हुए। थाना प्रभारी बीके सिंह ने बताया कि मारपीट के बाद यूपी-100 भी मौके पर पहुंच गयी। मामले में दोनों पक्षों की तरफ से केस दर्ज किया गया है।