अयोध्या। अनफिट स्कूल वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सोमवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान 10 स्कूल वाहनों को सीज किया गया, साथ ही 15 वाहनों का चालान किया गया।
एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने बताया कि अयोध्या जनपद के विभिन्न विद्यालयों में 1197 स्कूल वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें 612 बसें व 585 वैन शामिल हैं।
इन स्कूल वाहनों में 258 बसें व 389 वैन कुल 647 वाहनों ने अभी तक फिटनेस जांच नहीं कराई है। बताया कि इसको लेकर विभाग द्वारा तीन नोटिस जारी किये गए थे। अब इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू की गई है।
बताया कि सोमवार को 10 स्कूल वाहनों को सीज कर संबंधित थानों में बंद कराया गया, साथ ही 15 वाहनों का चालान किया गया। कहा कि यह अभियान 29 अप्रैल तक चलता रहेगा।