फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

Thu, 05 Nov 2015 11:55 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
चौबिया थाना क्षेत्र के चौबिया बीना मार्ग स्थित तिराहे के पास गुरुवार की सुबह बाइक से जा रहे एक युवक को हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोलियों से भून डाला। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर खून से लथपथ पड़े युवक को देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
विज्ञापन


जानकारी के बाद परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव नही उठने दिया। आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया। करीब चार घंटे बाद युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

ग्राम हाजीपुर सौज कुर्रा मैनपुरी निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ कल्लू (25) पुत्र शिशुपाल सिंह गुरुवार की सुबह आलू लादने के लिए ट्रैक्टर लेने कीरतपुबत आया था। वह से वापस लौटते समय बीना चौबिया मार्ग पर स्थित तिराहे पर बाइक पर सवार तीन लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
विज्ञापन


पांच गोलियां कल्लू के शरीर में लगी, इससे वह वहीं गिरकर ढेर हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फायरिंग करते हुए भाग खड़े हुए। सुबह के समय हुई फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ लोगों ने उसे पहचान लिया और पुलिस के साथ ही परिजनों को सूचना दी।

सूचना पाते ही कल्लू के परिजन मौके पर पहुंचे। थाना पुलिस ने शव को उठाने का प्रयास किया तो परिजनों ने हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को नहीं उठने दिया। सीओ सैफई अरुण कुमार दीक्षित, एसओ बसरेहर बृजेंद्र सिंह यादव, एसओ सैफई रमेश यादव मय हमराह फोर्स के मौके पर पहुंचे।

परिजनों को समझाने बुझाने का प्रयास किया मगर परिजन अड़े रहे। बाद में एएसपी लल्लन सिंह मौके पर पहुंचे और कहा कि मामला दर्ज कराओ। जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा। इसके बाद परिजन व ग्रामीण शांत हुए।


तीन पर एफआईआर दर्ज
कल्लू हत्याकांड के संबंध में भाई सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सुंदर सिंह पुत्र लालसिंह, बबलू निवासी भूटा रम्पुरा थाना चौबिया, दीप सिंह पुत्र भूरे सिंह निवासी कीरतपुर के खिलाफ चौबिया थाने में मामला दर्ज किया।

एएसपी लल्लन सिंह ने बताया कि युवक की हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई है। मृतक कल्लू का भी आपराधिक इतिहास है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई है।

गैंगवार में तो नहीं हुई हत्या
चौबिया बीना मार्ग पर गुरुवार को दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या कहीं गैंगवार का तो परिणाम नहीं है। जिस तरीके से नृशंसतापूर्वक ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या की गई। उससे यही लगता है कि हत्यारे उससे बदला लेना चाहते हों। इसके अलावा मृतक और हत्यारों का आपराधिक इतिहास भी इसी ओर इंगित करता है।

सूत्रों के अनुसार गैंगवार में कल्लू को मौत के घाट उतारा गया है। चर्चाओं के अनुसार मृतक कल्लू व हत्यारोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, सभी साथ रहकर आपराधिक घटनाओं अंजाम देते रहे हैं। मगर किसी बात को लेकर कल्लू व हत्यारोपियों के बीच अनबन हो गई थी।

बताते हैं कि दोनों ही पक्ष एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए थे और मौके की तलाश में रहते थे। जब कल्लू गुरुवार को खेतों में आलू रखवाकर ट्रैक्टर लेने के लिए कीरतपुर गया तो हत्यारोपियों को इसकी जानकारी हो गई। हत्यारोपियों में शामिल कीरतपुर के दीप सिंह ने ही अपने अन्य साथियों को कल्लू के कीरतपुर में अकेले होने की जानकारी दी थी।

बस तुरंत ही उसे घेरकर ठिकाने लगाने के लिए तीनों एक बाइक से निकल पड़े और रास्ते में ही ताबड़तोड़ फायरिंग करके उसे मौत के घाट उतार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हत्यारों ने कल्लू को जरा सा भी संभलने का मौका नहीं दिया। हालांकि पुलिस गैंगवार की घटना से साफ इंकार कर रही है। एएसपी ने बताया कि गैंगवार जैसी कोई घटना नहीं है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें