पहले से ही घंटों लेट चल रही इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस को
भरथना स्टेशन पर लूप लाइन में काफी देर तक खड़े रहने पर यात्रियों का
गुस्सा भड़क गया। पीछे से आने वाली ट्रेनों को पास किए जाने पर यात्रियों
ने रेलवे ट्रैक पर लाल झंडी लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ते देख स्टेशन अधीक्षक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस को रोककर ट्रैफिक कंट्रोलर से बात की और फिर संगम को रवाना किया गया। इलाहाबाद से मेरठ जा रही संगम एक्सप्रेस घंटों लेट होने के बाद सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर भरथना रेलवे स्टेशन पहुंची। संगम को प्लेटफार्म नं चार में लूप लाइन पर खड़ा कर दिया गया।
उसके पीछे आ रही 12259 दुरंतो एक्सप्रेस, 14055 ब्रहमपुत्र एक्सप्रेस गाड़ियों को पास किया जाने लगा। इन गाड़ियों को गुजरने में करीब आधा घंटे का समय लग गया। इसके बाद भी संगम एक्सप्रेस को रवाना न किए जाने पर यात्रियों का धैर्य टूट गया। आक्रोशित यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साए यात्रियों ने 12561 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस को रोकने के लिए स्टेशन के समीप काम कर रहे कर्मचारियों की लाल झंडी को लगाकर विरोध किया। हंगामा देख स्टेशन मास्टर राजेश कुमार ने इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक एमपी सिंह को दी । मौके पर पहुंचे स्टेशन स्टेशन मास्टर ने हंगामा कर रहे यात्रियों को को समझाकर शांत कराया।
कंट्रोलर से बात करने के बाद क रीब 1:03 घंटे के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस को रोककर संगम को रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि संगम एक्सप्रेस लेट होने की वजह से उसमें सवार यात्री आक्रोशित हो गए।