जसवंतनगर (इटावा)। तेज रफ्तार और हेलमेट नहीं लगाए होना युवक की मौत का सबब बन गया। सोमवार सुबह पांच बजे के करीब झबरापुरा गांव के पास हाईवे पर किसी वाहन की टक्कर से बाइक खड्ड में जा रही। सिर पर लगी चोटों ने की वजह से बाइक सवार ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों साथी गंभीर हालत में सैफई मिनी पीजीआई में भर्ती हैं।
फिरोजाबाद जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के शांतीनगर मोहल्ला निवासी प्रेमपाल सिंह (25) पुत्र अशोक कुमार मोहल्ले के ही दो साथियों टीकम सिंह कुशवाह पुत्र लक्ष्मण सिंह व सोनू शंखवार पुत्र अशोक के साथ जसवंतनगर थाना क्षेत्र के धनुआ गांव में किसी समारोह में शामिल होने जा रहा था। फिरोजाबाद में किसी चूड़ी के कारखाना में मजदूरी करने वाले प्रेमपाल ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। सोमवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे के करीब जब वह हाईवे पर झबरापुरा गांव के पास पूजा होटल के पास पहुंचा तो किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक उछलकर हाईवे किनारे खड्ड में जाकर गिरी।
हादसे में प्रेमपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी को भगा ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम पहुंचाया और घायलों को सैफई मिनी पीजीआई भेजा। जसवंतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। उनके चेहरे तथा सिर में चोटें आईं हैं। हेलमेट पहने होते तो शायद युवक की जिंदगी बच सकती थी।
पुलिस ने किया शव के साथ अमानवीय बर्ताव
हादसे में मौत के शिकार हुए युवक के शव के साथ पुलिस ने अमानवीय बर्ताव किया है। शव को एक लोडर में बेतरतीब ढंग से रखकर पुलिस पोस्टमार्टम स्थल पर लेकर पहुंची। थाना पुलिस की इस हरकत से एक बार फिर से महकमा शर्मसार हुआ है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि शव को लोडर से भेजे जाने की उन्हें कोई सूचना नहीं है।