इटावा। जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को आईटीआई चौराहे पर भाजपा सरकार के खिलाफ थाली और ताली बजा कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रोजगार दो रोजगार दो के नारे लगा कर सरकार से रोजगार की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जोनल प्रभारी चंद्र मोहन तिवारी ने कहा कि भयंकर रूप से बढ़ती बेरोजगारी और गड्ढे में गिरती अर्थव्यवस्था से देश के युवाओं का भविष्य खतरे में है। इससे देश के छात्र व युवा हताश और निराश हैं।
इसलिए इस गूंगी बहरी सरकार को जगाने के लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा है। युवा कांग्रेस के जसवंत नगर विधानसभा अध्यक्ष फिरदोश वारिस ने कहा कि इटावा युवा कांग्रेस युवाओं के भविष्य को चौपट करने वाली सरकार को जगाने व युवाओं के हित के लिए प्रदर्शन व आंदोलन करती रहेगी।
प्रदर्शन का कई बेरोजगार युवाओं ने समर्थन किया। इस दौरान प्रधानाचार्य राघवेंद्र मिश्रा, प्रशांत सिंह, राहुल पाल, जितेंद्र तिवारी, कौशल राजपूत, सूरज यादव, रितिक तिवारी, सुजल तिवारी, अनिल बाल्मीकि, रामचंद्र व राम अवतार मौजूद रहे।