इटावा। अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को थानों की बागडोर बेटियों को संभालकर नारी शक्ति का लोगों को अहसास कराया। कोतवाल व थानेदार बनने वाली इन बेटियों के चेहरे पर एक नई चमक व तेजी देखने को मिली।
सदर कोतवाली में फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी रिद्धमा मिश्रा महिला दिवस पर कोतवाल बनी। कोतवाल बनी बेटी ने इंस्पेक्टर बचन सिंह सिरोही समेत पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त की। दुकानदारों को भीड़ एकत्र न होने देने व वाहनों को किनारे लगवाने के निर्देश दिए, ताकि जाम के हालत न बन सकें। रिद्धमा ने बताया कि वह संत विवेकानंद सीनियर सेकेंड्ररी स्कूल में इंटर की छात्रा है।
सिविल लाइन थाने में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंड्ररी स्कूल में इंटर की छात्रा सान्या सौंदेल को थानेदार बनाया गया। थानेदार बनी बेटी ने थाने का निरीक्षण कर दो फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्हें कार्रवाई का अश्वासन दिया।
इकदिल थाने में श्री एसआरएलटी इंस्टीट्यूट की टीचर रीना सिंह को दो घंटे का थानेदार बनाया गया। थानेदार रीना ने पुलिस विभाग की जानकारी ली। थानेदार व इंस्पेक्टर जीवाराम यादव ने मिशन शक्ति पर मुख्यमंत्री का लाइव कार्यक्रम पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों को दिखाया।
बढ़पुरा थाने में उदी स्थित कमांडर अर्जुन सिंह महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा शिखा भदौरिया को थाना प्रभारी बनाया गया। यहां थानेदार बेटी ने फरियादियों की समस्या सुनकर संबंधित दरोगा व चौकी प्रभारी को शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह के साथ कंप्यूटर कक्ष, हवालात व साफ-सफाई को लेकर थाने का निरीक्षण किया। सिखा भदौरिया ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी कर पुलिस में नौकरी करना सपना है। इस दौरान एसआई गीतम सिंह, सपा नेता कमलेश भदौरिया, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक मीना राठौर, अनीता देवी, ज्योति देवी, वंदना भदौरिया मौजूद रहीं।
भरथना कोतवाली में ग्राम मोढ़ी निवासी एमए की छात्रा रिंकी पाल कोतवाल बनीं। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, मेस, आवास आदि का निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों को फरियादों के साथ मित्रता से पेश आने को कहा। इसके साथ ही महिला संबंधित अपराध पर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
चकरनगर थाने में छात्रा संजना चौहान व साहसों थाने में छात्रा रश्मि तिवारी को थानेदार बनाया गया। दोनों ने अपने थाना परिसर का निरीक्षण कर महिला संबंधित अपराधियों पर जल्द कार्रवाई करने व झूठे मुकदमा दर्ज करवाने पर आरोपियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। यहां आयोजित गोष्ठी में महिलाओं को सम्मानित किया गया।
ऊसराहार थाने में एमबीबीएस छात्रा गरिमा वर्मा को थाना प्रभारी बनाया गया। थाना प्रभारी गरिमा ने परिसर का निरीक्षण कर रखे कबाड़ का निस्तारण, मुकदमे बिना जांच के न दर्ज करने व अपराधियों पर कार्रवाई करने को कहा। क्षेत्र में स्थित बैंक परिसर का निरीक्षण कर सीसीटीवी चेक किए। महिलाओं के लिए अलग काउंटर बनने का निर्देश शाखा प्रबंधक को दिया। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों को बिना भेदभाव ईमानदारी से ड्यूटी निभाने की शपथ दिलाई।
यहां आयोजित महिला सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इंस्पेक्टर अमर पाल सिंह ने बताया कि 13 सदस्यीय महिला सुरक्षा समिति थाने में आए पारिवारिक मामलों को निपटाएंगी। समिति में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं को जोड़ा गया है।