फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का हंगामा, पथराव

विज्ञापन
विज्ञापन
जसवंतनगर। कस्बे की महिलाओं ने स्मार्ट मीटर से आ रही ज्यादा रीडिंग और रुपये जमा होने के बाद भी बिजली काटे जाने का विरोध तेज कर दिया है। सोमवार को तहसील परिसर और बिजली कार्यालय में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिलाओं के हंगामे के चलते बिजली कर्मचारियों ने कार्यालय के गेट बंद कर दिए। इस पर गुस्साई महिलाओं ने गेट पर पथराव भी किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को इधर-उधर किया।
विज्ञापन


सोमवार को सुबह लगभग 50 से ज्यादा महिलाओं ने तहसील में पहुंचकर एसडीएम कुमार सत्यमजीत को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। इसके बाद वह बिजली निगम के एसडीओ कार्यालय पहुंची और जमकर हंगामा किया। उस वक्त कार्यालय पर बिजली बिल जमा करने का कार्य चल रहा था। जब यहां मौजूद कर्मचारियों ने महिलाओं को अनदेखा किया तो कुछ महिलाएं उग्र हो गईं। हंगामे में शामिल महिलाओं में से कुछ ने हाथों में ईंट पत्थर उठा लिए। यह देख बिजली कर्मचारियों ने कार्यालय का लोहे का गेट बंद कर लिया और अंदर चले गए। इससे गुस्साई महिलाओं ने गेट पर ईंट पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हंगामा बढ़ता देख कर्मचारियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि मीटर वास्तविक खपत से अधिक यूनिट दिखा रहा है जिससे बहुत ज्यादा बिल आ रहा है। इससे मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि समय पर बिल जमा करने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है।
विज्ञापन

हंगामे व पथराव की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को समझा-बुझाकर वहां से हटाया तब कहीं जाकर बिजली कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। शिकायत करने वालों में बीना देवी, शबाना, मो. नाजिम, महजबीन, सायमा, नईम, मो. तालीम, नायब परवेज आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर, मामले पर एसडीओ आनंद पाल ने बताया कि कुछ महिलाओं ने कार्यालय के गेट पर पत्थर फेंके लेकिन इससे किसी को किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। स्मार्ट मीटर को लेकर अभी शासन से किसी प्रकार का कोई निर्देश नहीं आया है। शासन के निर्देशानुसार कार्य किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें