कोतवाली क्षेत्र के भरथना-ऊसराहार मार्ग पर मंगलवार शाम करीब छह बजे दो बाइकों में भिड़त हो गई।
हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए और दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। घायल पति महिला को लेकर पास के अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अदलीपुर (सैफी) निवासी चंद्रभान पत्नी उमा देवी (40) के साथ मंगलवार को कटीखेड़ा गांव स्थित सत्संग गए थे। वहां से शाम को दंपति बाइक से घर लौट रहे थे।
तभी भरथना-ऊसराहार मार्ग गांव नगला अन्ते की पुलिया के पास शाम करीब छह बजे पहुंचने पर सामने से आ रहे बाइक चालक ने टक्कर मार दी, जिससे दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरा बाइक चालक मौके से भाग निकला। चंद्रभान पत्नी को लेकर पास के अस्पताल गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
देवर रनवीर सिंह ने बुधवार को अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ भरथना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर बाइक चालक की तलाश की जा रही है। (संवाद)