बसरेहर। हरिनगर मोहल्ले में रविवार सुबह घरेलू विवाद के बीच महिला का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। पति दुकान से घर लौटा तो मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे की मदद से कुंडी खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। महिला का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरिनगर मोहल्ला निवासी अनीता कुमारी (45) रविवार सुबह घर पर अकेली थीं। उनके पति संजीव कुमार सुबह करीब आठ बजे मिश्रा मार्केट स्थित अपनी दुकान खोलने गए थे। करीब नौ बजे जब वह घर लौटे तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और कोशिश करने के बाद भी गेट नहीं खुला। इस पर उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गेट के नीचे लगे पटरे को हटवाकर घर के अंदर मौजूद बच्चे की मदद से कुंडी खुलवाई।
पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो कमरे में अनीता का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। संजीव के पिता चंद्र प्रकाश ने बताया कि अनीता और संजीव के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। करीब एक माह पहले भी नाराज होकर अनीता घर से चली गई थीं। बाद में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उन्हें नवरात्र के दौरान जालौन के पास एक मंदिर से तलाशा था।
इसके बाद वह घर लौट आई थीं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दो-तीन दिनों से परिवार में फिर विवाद की चर्चा थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया घरेलू कलह के चलते आत्महत्या की आशंका है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।