सोमवार की सुबह डाउन मगध एक्सप्रेस में सवार महिला एसआई का बैग लूट लिया गया। उनकी बगल वाली सीट पर बैठा युवक ट्रेन रुकते ही बैग छीनकर भाग निकला। महिला ने जीआरपी को सूचना दी है। हालांकि जीआरपी मामला संदिग्ध बता रही है।
लूट की शिकार असम के जिला कामरू के थाना पान बाजार में एसआई सुनीता शर्मा के मुताबिक वे दिल्ली से कानपुर तक के लिए रविवार की रात को डाउन मगध एक्सप्रेस में सवार हुईं। वह आरक्षित बोगी में सीट पर बैठी हुई थी। इटावा रेलवे स्टेशन आने से पहले उनके पास एक युवक आकर बैठ गया।
ट्रेन सोमवार की सुबह करीब पौने चार बजे इटावा स्टेशन पर आई। जैसे ही स्टेशन आया युवक ने उनके हाथों से बैग छीन लिया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। सुनीता के मुताबिक बैग में लैपटाप, पैनकार्ड, आईडी के अलावा चार सौ रुपये नकद थे।
सुनीता का कहना है कि उन्होंने जीआरपी थाने में शिकायत की लेकिन दरोगा ने उनकी रिपोर्ट लिखने के बजाय अभद्रता की। थानाध्यक्ष यशपाल सिंह यादव ने बताया कि वे बाहर हैं। मामले की जानकारी नहीं है। उधर, एसएसआई सुशील कुमार शर्मा पूरे मामले को फर्जी बता रहे हैं। कहा कि छानबीन की गई थी। मामला फर्जी निकला।