फोटो :04::: भरथना में जान देने आई महिला से पूछताछ करते जीआरपी कर्मी। संवाद
-बेटे की मौत और शराबी पति से परेशान होकर उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
भरथना। घरेलू कलह और शराबी पति की पिटाई से तंग आकर महिला गुरुवार को रेलवे स्टेशन के पूर्वी ओर जान देने पहुंच गई। गनीमत रही कि समय रहते जीआरपी टीम ने महिला को समझा-बुझाकर ट्रैक से हटाया, जिससे बड़ा हादसा बचा गया। महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बकेवर के ग्राम पृथ्वीरामपुर की महिला ने बताया गया है कि कुछ समय पहले 13 वर्षीय मासूम बेटे की महाराष्ट्र में मौत हो गई थी। इकलौते बेटे की मौत के बाद से ही वह मायके में ही रह रही थी। पीड़िता ने बताया कि पति शराब का आदी है। आए दिन नशे में धुत होकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। गुरुवार को भी पति ने उसके साथ विवाद किया जिससे आहत होकर वह आत्मघाती कदम उठाने ट्रैक पर आ गई थी। जीआरपी के हेड कांस्टेबल रवींद्र कुमार, कांस्टेबल अवलेंद्र कुमार और आरपीएफ के हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने महिला के ससुराल व मायके पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी दी। महिला का देवर चौकी पहुंचा जिसके बाद महिला को उसके सुपुर्द कर दिया गया।