इटावा। मोहल्ला राजागंज में साइबर ठगों ने महिला को डॉलर भेजने का लालच देकर करीब आठ लाख रुपये का चूना लगा दिया। महिला की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
राजागंज निवासी अनुज सिंह ने साइबर थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह और उनका भाई बाहर रहकर नौकरी करते हैं, जबकि उनकी मां दुर्गेश सिंह घर में अकेली रहती हैं। आठ अप्रैल को उनकी मां के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को भरोसेमंद बताते हुए कहा कि वह उन्हें 10,000 डॉलर भेज रहा है जिसकी भारतीय कीमत करीब 23 लाख रुपये है।
इसके बदले में उसने प्रोसेसिंग या अन्य बहाने बनाकर आठ लाख रुपये भेजने को कहा। ठग की बातों में आकर दुर्गेश सिंह ने यह बात अपने बेटों को नहीं बताई और लोगों से उधार लेकर अलग-अलग जनसेवा केंद्रों के माध्यम से करीब आठ लाख रुपये बताए गए खातों में जमा कर दिए।
कुछ समय बाद जब ठग से संपर्क नहीं हो पाया, तब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे अनुज सिंह को पूरी जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलने पर अनुज अपनी मां को लेकर साइबर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी संजय सिंह ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही संबंधित बैंक खातों व कॉल डिटेल के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उन्होंने लोगों से इस तरह के लालच भरे कॉल से सतर्क रहने की अपील की है।