भरथना। कन्नौज हाईवे पर पड़ियापुरा मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत हो गई। हादसे में उनकी सास और भांजा घायल हो गए। घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी निवासी शशि (30) अपनी सास प्रभा देवी (60) और भांजे शिवम (18) के साथ बाइक से बिधूना जा रही थीं। शिवम बाइक चला रहा था। पड़ियापुरा मोड़ के पास तेज रफ्तार में सामने से आई बाइक उनकी बाइक से आ भिड़ी। हादसे में शशि गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गई। प्रभा देवी और शिवम को भी चोटें आईं। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद शशि को मृत घोषित कर दिया।
शिवम ने बताया कि वह अपनी नानी प्रभा देवी और मामी शशि को उनके मायके मिराय बाहरपुरा लेकर जा रहा था। शशि के परिवार में दो पुत्र राज, आयुष और एक पुत्री हैं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस फरार बाइक के चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।