इटावा। दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। महिला पति के साथ अपने बेटे से मिलने कानपुर जा रही थी। हादसा बुधवार को औरैया के थाना बिधूना के अंतर्गत बेला के समीप हुआ।
बुधवार सुबह बधियापुरा निवासी दिलीप कुमार (40), पत्नी विमला देवी (38) और पुत्र आशु कुमार (17) के साथ बाइक से कानपुर के लिए निकले थे। दिलीप का छोटा पुत्र कपिल कानपुर स्थित अटल आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई करता है। दिलीप कुमार की बाइक जैसे ही की औरैया के थाना बिधूना अंतर्गत बेला के समीप पहुंची तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित बाइक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे में विमला देवी और उनके पुत्र आशु को गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में घायलों को स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां विमला देवी की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर कानपुर पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टर ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। विमला देवी की मौत की खबर गांव बधियापुरा पहुंची। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।