इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के नगला भवानीदास गांव में बुधवार शाम कूलर चलाने के लिए बिजली बोर्ड में तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से महिला अचेत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
नगला भवानीदास निवासी धर्मवीर सिंह दूध डेयरी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम उनकी पत्नी दीक्षा (28) घर में कूलर चलाने के लिए बिजली बोर्ड में तार लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया। करंट की चपेट में आते ही वह चीखते हुए सिर के बल जमीन पर गिर गईं और अचेत हो गईं। आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे और दीक्षा को उठाकर देखा तो वह बेहोश थी।
परिजन निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद दीक्षा को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अपने साथ घर ले गए। दीक्षा का मायका जसवंतनगर थाना क्षेत्र के जगसौरा गांव में है। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बढ़पुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी थाने पर नहीं दी गई थी। (संवाद)