शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। नवजात बच्ची सही सलामत है। महिला के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत की है।
इस पर पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में रखा हुआ है। थाना क्षेत्र के बराउख चौकी के लालपुरा गांव निवासी जितेंद्र सिंह की पत्नी लक्ष्मी (23) की प्रसव के बाद मौत हो गई।
जितेंद्र ने बताया कि उसकी गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर वह महेवा सीएचसी लेकर गया। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज की समुचित व्यवस्था न होने पर वह शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गया।
यहां पत्नी ने बगैर ऑपरेशन बच्ची को जन्म दिया, लेकिन कुछ घंटे बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने पर हॉस्पिटल में ही मौत हो गई।
लक्ष्मी की मौत की सूचना पर औरैया जिले के भगवंतापुर गांव निवासी पिता अजय पाल व अन्य मायके वाले पहुंच गए। अजय ने दामाद जितेंद्र व ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया।
उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले बेटी की शादी की थी। उसके बाद से उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कोई निर्णय लेंगे।