डीजीपी के निर्देश पर सोमवार को पुलिस ने चकरनगर, भरथना, बकेवर एवं लखना समेत कई इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान लखना में सेंट्रल बैंक और स्टेट बैंक के सुरक्षा गार्ड के पास बंदूक में कारतूस नहीं मिला। सुरक्षा गार्डों को बंदूक के साथ कारतूस लगाने की हिदायत दी गई।
सीओ राघवेंद्र राठौर, एसओ चकरनगर आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पैदल मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के वाहनों की चेकिंग की गई। विशेषकर अपाचे, पलसर जैसी गाड़ियों एवं तीन सवारियों पर विशेष ध्यान दिया गया ।
इसके साथ सरकारी बैंकों एवं उपकोषागार चकरनगर का निरीक्षण किया। साथ ही चकरनगर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की विशेष मीटिंग कर प्रधानों से अपराधों की रोकथाम के लिए सीधा संवाद किया ।
एसओ आनंद कुमार सिंह ने ग्राम प्रधानों से उनके गांव की समस्याओं पर चर्चा की । इस मौके पर चकरनगर ग्राम प्रधान राजेश यादव, गौहानी, तेजपुरा, खिरीटी, ददरा, चांदई, डिभौली एवं नौगांव प्रधान मौजूद थे।
भरथना के मुख्य मार्ग आजाद रोड, स्टेशन रोड, मैन चैराहा के आसपास आने-जाने वाले छोटे-बडे़ वाहनों के साथ-साथ दो पहिया वाहनों और चालकों की चेकिंग की गई। लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई। बिना हेलमेट व कागजात पूर्ण न होने पर कड़ी चेतावनी देकर वाहन चालकोें को छोड़ा गया।
वहीं सोमवार को सबसे बड़ी सहालग होने के कारण दोपहर से ही भरथना के मुख्य मार्गों पर जाम लगा रहा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस बल के साथ होमगार्ड के जवान भी लगे रहे। एसआई मोहित यादव ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान लोगों को जहां यातायात के नियमों के बारे में भी बताया गया। लोगों से अपील भी की गई कि वे अपने वाहनों के साथ कागजात लेकर चलें ।
बकेवर एसओ बिजेंद्र सिंह, लखना चौकी इंचार्ज वीनेश कुमार ने कस्बा लखना के बाजार में पेट्रोलिंग की। इस दौरान पुलिस ने कस्बा की स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक में भ्रमण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों बैंको के गार्डों के पास असलाह तो था लेकिन उसमें कारतूस नहीं था।
उनको असलाह में कारतूस लगाकर सुरक्षा के प्रति सचेत रहने को कहा गया। इसके आलावा बाजार में अतिक्रमण को हटवाया गया। पेट्रोलिंग के दौरान एक 18 साल से कम उम्र का लड़का बिना नंबर की मोटर साइकिल चलाते दिखा तो थानाध्यक्ष ने उसे रोककर कागजात मांगे। वह केवल सेल लेटर दिखा सका। थानाध्यक्ष ने बताया की सेल लेटर दो माह पुराना था। इस कारण मोटर साइकिल का चालान काटा गया। वह अपने मित्र की मोटर साइकिल मांगकर चला रहा था।