बकेवर। बाजार बंदी के दिन खुले बाजार को बंद कराने के लिए शुक्रवार को श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम कस्बे में पहुंची। टीम का व्यापारियों ने विरोध किया। मामला तूल पकड़ते देख व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने टीम के साथ बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने बंदी के दिन स्वयं अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आश्वासन दिया।
श्रम परिवर्तन विभाग की टीम ने बकेवर में शुक्रवार को बाजार बंदी के दिन पहुंचकर बाजार बंद कराया। दुकानें बंद कराने पर दुकानदारों में खलबली मच गई। दुकानदारों ने व्यापार मंडल संगठनों के पदाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इस पर कस्बे के दोनों व्यापार मंडल के अध्यक्षों ने टीम के अधिकारियों से बात की। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा, व अध्यक्ष शीलू शर्मा ने टीम को सहयोग का आश्वासन दिया।
श्रम परिवर्तन अधिकारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार साप्ताहिक बाजार बंदी के दिन केवल खानपान, मिष्ठान, पान, मेडिकल, चाय एवं आटा चक्की की दुकानें ही खुल सकेंगी। इसके अलावा अन्य सभी प्रकार की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। व्यापारियों को चेताया कि अगले शुक्रवार से यदि कोई दुकान खुली मिली तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर दुकान सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी।